Tata Punch EV: टाटा मोटर्स ने माइक्रो-SUV, ‘टाटा पंच EV’ फेसलिफ्ट की डिलीवरी भारत में शुरू कर दी है. फरवरी 2025 में लॉन्च हुई यह नई पंच न सिर्फ पहले से ज्यादा स्टाइलिश है, बल्कि अब यह और भी स्मार्ट फीचर्स के साथ आती है. अगर आप एक बजट इलेक्ट्रिक कार की तलाश में हैं, तो इसकी कुछ खासियतों के बारे में आपको जरूर जानना चाहिए.
Tata Punch EV डिजाइन
नई टाटा पंच EV फेसलिफ्ट के फ्रंट डिजाइन में बदलाव किया गया है, पुरानी काली पट्टी की जगह अब बॉडी कलर वाले पैनल दिए गए हैं, जिससे यह काफी ‘फ्यूचरिस्टिक’ लगती है. इसकी हेडलाइट्स की जगह बदली गई है और नई कनेक्टेड DRLs इसे नेक्सॉन EV और हैरियर EV जैसा लुक देती हैं.
Tata Punch EV बैटरी और रेंज
टाटा ने इसमें दो बैटरी पैक के ऑप्शन दिए हैं. अगर आप शहर में चलते हैं तो 30 kWh का पैक काफी है, लेकिन जो लोग लंबी ट्रिप्स के लिए 40 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है. कंपनी का दावा है कि बड़ी बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर 468 किमी तक की दूरी तय कर सकती है. इसके अलावा, 65 kW के फास्ट चार्जर से यह महज 26 मिनट में 20 से 80% तक चार्ज हो सकती है.
Tata Punch EV इंटीरियर
कार के अंदर 10.25-इंच की टचस्क्रीन और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल जाता है. अंदर नया दो-स्पोक वाला स्टीयरिंग व्हील, और इल्यूमिनेटेड लोगो लगा है. इसमें ग्राहकों को वेंटिलेटेड सीटस, कूल्ड ग्लवबॉक्स और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
Tata Punch EV सेफ्टी फीचर्स
नई टाटा पंच EV में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं. इसके अलावा, 360-डिग्री कैमरा पार्किंग को बच्चों का खेल बना देता है. पहाड़ों पर चढ़ते वक्त पीछे लुढ़कने से बचाने के लिए ‘हिल होल्ड असिस्ट’ और मुश्किल रास्तों पर पकड़ बनाए रखने के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम’ जैसे फीचर्स इसे एक सुरक्षित फैमिली कार बनाते हैं.
Tata Punch EV कीमत और BaaS मॉडल
इस कार की शुरुआती कीमत 9.69 लाख (एक्स-शोरूम) है. लेकिन सबसे दिलचस्प है इसका ‘BaaS’ (बैटरी-एज़-ए-सर्विस) मॉडल, जिसमें आप इस कार को सिर्फ 6.49 लाख में अपना बना सकते हैं. इस मॉडल में आप गाड़ी खरीदते वक्त बैटरी की कीमत नहीं चुकाते, बल्कि उसे इस्तेमाल के आधार पर चुकाते हैं.