Ferrari 849 Testarossa Launch: इटैलियन सुपरकार कंपनी फेरारी ने अपनी नई फ्लैगशिप कार, 849 टेस्टारोसा को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 10.37 करोड़ से शुरू होती है, हालांकि कस्टमाइजेशन और अन्य ऑप्शन के साथ इसकी असल कीमत काफी बढ़ सकती है.
नई सुपरकार फेरारी SF90 स्ट्राडेल (SF90 Stradale) की जगह लेगी और भारत में इसका मुख्य मुकाबला लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो से होने वाला है. भारत में इसकी डिलीवरी 2026 में सेकेंड हाफ से शुरू हो सकती है. आपको बता दें कि इस कार की कीमत में 10 डिफेंडर आ सकती हैं क्योंकि एक डिफेंडर की कीमत तकरीबन 1 करोड़ रुपये से शुरू होती है.
Ferrari 849 Testarossa पावर और हाइब्रिड तकनीक
फेरारी 849 टेस्टारोसा में एक आधुनिक प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन दिया गया है. इसमें 4.0-लीटर का ट्विन-टर्बोचार्ज्ड V8 इंजन है, जिसे तीन इलेक्ट्रिक मोटरों के साथ जोड़ा गया है. अकेले इंजन से 830hp की पावर मिलती है, जबकि इलेक्ट्रिक सिस्टम के जुड़ने के बाद कुल आउटपुट 1,050hp तक पहुँच जाता है. यह कार 8-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के जरिए अपने चारों पहियों को पावर भेजती है.
Ferrari 849 Testarossa रफ्तार
फेरारी का दावा है कि 849 टेस्टारोसा महज 2.25 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. वहीं, 0 से 200 किमी/घंटा की स्पीड तक पहुँचने में इसे सिर्फ 6.3 सेकंड का समय लगता है. इसकी टॉप स्पीड 330 किमी/घंटा है. इसके अलावा, इसमें 7.45kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जिससे यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड पर लगभग 25 किमी तक चल सकती है.
Ferrari 849 Testarossa डिजाइन
डिजाइन के मामले में, 849 टेस्टारोसा फेरारी के क्लासिक मॉडल्स और आधुनिक एरोडायनामिक्स का एक बेहतरीन संगम है. इसके फ्रंट में L-शेप की LED हेडलाइट्स दी गई हैं, जो एक ग्लॉस-ब्लैक स्ट्रिप से जुड़ी हैं. साइड प्रोफाइल में बड़े अलॉय व्हील्स और हवा के बेहतर बहाव के लिए बड़े एयर-इनटेक्स दिए गए हैं. कार के पिछले हिस्से में स्लिम LED टेल-लाइट्स के साथ हाई-माउंटेड डुअल-एग्जॉस्ट सिस्टम और एक विशाल डिफ्यूजर दिया गया है जो इसे काफी आक्रामक लुक देता है.
Ferrari 849 Testarossa इंटीरियर और फीचर्स
कार का कैबिन पूरी तरह से ड्राइवर को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिसे ‘स्प्लिट कॉकपिट’ लेआउट कहा जाता है. इसमें पारंपरिक सेंट्रल टचस्क्रीन की जगह ड्राइवर के लिए 6-इंच का डिजिटल डिस्प्ले और पैसेंजर के लिए अलग से 9-इंच की स्क्रीन दी गई है.
खास बात यह है कि फेरारी ने पुराने हैप्टिक कंट्रोल्स को हटाकर स्टीयरिंग व्हील पर फिजिकल बटन वापस दे दिए हैं. कैबिन में कार्बन-फाइबर का भरपूर इस्तेमाल किया गया है और इसमें वायरलेस चार्जिंग, एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो जैसे आधुनिक फीचर्स भी मिलते हैं.