होंडा कार्स इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई प्रीमियम एसयूवी Honda ZR-V को लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसे 48 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) की शुरुआती इंट्रोडक्टरी कीमत पर पेश किया है. जापान से आयात की जाने वाली ZR-V को एक फुली लोडेड वेरिएंट में उपलब्ध कराया गया है. भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Skoda Kodiaq, Volkswagen Tayron और Tiguan जैसी प्रीमियम SUVs से होगा.
Honda ZR-V का पावरट्रेन और परफॉर्मेंस
Honda ZR-V को केवल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है. इसमें 2.0-लीटर चार-सिलेंडर डायरेक्ट इंजेक्शन पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो ज्यादा एफिशिएंसी के लिए एटकिंसन साइकिल टेक्नोलॉजी पर काम करता है.
इस इंजन के साथ दो परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर्स मिलती हैं. यह हाइब्रिड सिस्टम 184hp की पावर और 315Nm का टॉर्क जनरेट करता है. पावर को आगे के पहियों तक e-CVT गियरबॉक्स के जरिए पहुंचाया जाता है.
कंपनी के अनुसार, ZR-V केवल 7.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिकली 172 किमी प्रति घंटे तक सीमित है. कंपनी के मुताबिक, SUV का माइलेज 22.8 किमी प्रति लीटर तक है.
Honda ZR-V का एक्सटीरियर डिजाइन
Honda ZR-V का डिजाइन ट्रेडिशनल SUV से अलग है. इसमें कंपनी ने क्रॉसओवर स्टाइल को अपनाया है, जो इसे स्पोर्टी और प्रीमियम लुक देता है. इसके फ्रंट में स्लिम LED हेडलैंप्स के साथ L-शेप्ड DRLs दिए गए हैं. इसमें वर्टिकल स्लैट्स वाली बड़ी ग्रिल और बंपर के किनारों पर फंक्शनल एयर वेंट्स मिलते हैं. नीचे की तरफ ट्रैपेजॉइडल एयर इनटेक और मेश पैटर्न दिया गया है.
साइड प्रोफाइल में SUV को नीट एंड क्लीन और राउंडेड डिजाइन एलिमेंट्स मिलते हैं. इसमें व्हील आर्च क्लैडिंग और 18-इंच डुअल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं.
पीछे की तरफ क्लियर-लेंस टेल लैंप्स, रूफ स्पॉयलर, ZR-V और e बैजिंग के साथ सिल्वर फिनिश वाले डुअल एग्जॉस्ट टिप्स मिलते हैं. यह SUV चार कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है, जिसमें ट्वाइलाइट मिस्ट ब्लैक पर्ल, क्रिस्टल ब्लैक पर्ल, मीटियोरॉइड ग्रे मेटैलिक और प्लैटिनम व्हाइट पर्ल शामिल हैं. Honda ZR-V की लंबाई 4,567mm, चौड़ाई 1,840mm, ऊंचाई 1,621mm और व्हीलबेस 2,655mm है.
Honda ZR-V इंटीरियर और फीचर्स से लैस केबिन
Honda ZR-V के केबिन में ऑल-ब्लैक थीम दी गई है. इसमें सॉफ्ट-टच प्लास्टिक फिनिश, लेदराइट सीट्स और कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग मिलती है. डैशबोर्ड पर हनीकॉम्ब डिजाइन के साथ सिल्वर स्ट्रिप दी गई है, जो AC वेंट्स को हाइड करती है. फीचर्स की बात करें, तो इसमें 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, 12-स्पीकर बोस ऑडियो सिस्टम, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और वायरलेस चार्जर जैसे फीचर्स शामिल हैं.
इसके अलावा SUV में 8-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट विद मेमोरी, 4-वे पावर पैसेंजर सीट, इलेक्ट्रिक टेलगेट विद जेस्चर कंट्रोल और एम्बिएंट लाइटिंग भी दी गई है. हालांकि, इसमें पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड, हीटेड या मसाजिंग सीट्स जैसे फीचर्स नहीं मिलते हैं.
Honda ZR-V सेफ्टी फीचर्स में ADAS से लैस
सेफ्टी के लिहाज से Honda ZR-V को Level 2 ADAS टेक्नोलॉजी के साथ पेश किया गया है. इसमें 360-डिग्री पार्किंग कैमरा, 8 एयरबैग्स, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, हिल-स्टार्ट असिस्ट, हिल-डिसेंट कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स दिए गए हैं.