Hyundai Verna 2026: हुंडई इंडिया ने अपनी लोकप्रिय मिड-साइज सेडान Verna का 2026 मॉडल अपडेट लॉन्च कर दिया है. नई अपडेटेड वरना की शुरुआती कीमत 10.98 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है. इस अपडेट के साथ कार में दमदार नए फीचर्स को शामिल किया गया है. इतना ही नहीं इसके वेरिएंट्स के नाम भी बदल दिए गए हैं.
कीमत और मुकाबला
नई हुंडई ने 2026 वरना को 10.98 लाख रुपये से 18.25 लाख रुपये की प्राइज रेंज में उतारा है. अपडेटेड मॉडल काफी बेहतरीन डिजाइन के साथ आता है जो होंडा सिटी, फॉक्सवैगन वर्टस और स्कोडा स्लाविया जैसी कारों को टक्कर देता है. कंपनी ने कार के बेस वेरिएंट की कीमत में 18,000 रुपये और टॉप वेरिएंट में लगभग 1.1 लाख रुपये की बढ़ोतरी की है.
नया नाम
इस बार हुंडई ने वरना के वेरिएंट्स के नाम बदलने का बड़ा फैसला लिया है. अब इसे वेन्यू (Venue) की तरह ‘HX’ सीरीज में पहचाना जाएगा. नए वेरिएंट्स के नाम HX2, HX4, HX6, HX6+, HX8 और HX10 रखे गए हैं. यह बदलाव हुंडई के पोर्टफोलियो में एकरूपता लाने के लिए किया गया है.
एक्सटीरियर में बदलाव
कार के एक्सटीरियर में कुछ कॉस्मेटिक अपडेट्स दिए गए हैं. इसमें सामने की तरफ नई ‘ब्लैक क्रोम’ ग्रिल, प्रोजेक्टर एलईडी हेडलाइट्स और अपडेटेड बंपर दिए गए हैं. साथ ही, 16-इंच के अलॉय व्हील्स का डिजाइन भी नया है. ग्राहकों को अब दो नए रंग विकल्प— क्लासी ब्लू और टाइटन ग्रे मैट (Titan Grey Matte) भी मिलेंगे.
आरामदायक इंटीरियर
इंटीरियर में सबसे बड़ा आकर्षण ‘बॉस मोड’ फीचर है, जो इस सेगमेंट की किसी और कार में नहीं मिलता. इसके जरिए पीछे बैठा यात्री सामने वाली पैसेंजर सीट को आगे खिसका कर ज्यादा लेगरूम बना सकता है. इसके अलावा, ड्राइवर सीट के लिए मेमोरी फंक्शन, पैसेंजर सीट के लिए पावर्ड एडजस्टमेंट और आयोनिक 5 जैसा नया स्टीयरिंग व्हील (मोर्स कोड ‘H’ लोगो के साथ) दिया गया है.
सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के मामले में हुंडई ने एक नया मानक स्थापित किया है. नई वरना के टॉप ट्रिम में अब 7 एयरबैग्स दिए गए हैं, जबकि बाकी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड मिलते हैं. इसके अलावा, अब इसमें 360-डिग्री कैमरा और इन-बिल्ट डैशकैम जैसे आधुनिक फीचर्स भी जोड़ दिए गए हैं, जो ड्राइविंग को सुरक्षित बनाते हैं.
इंजन और परफॉर्मेंस
वरना में इसमें पहले की तरह ही दो इंजन विकल्प मिलते हैं जिनमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (115hp) और 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल (160hp). ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल, CVT और 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक के विकल्प मौजूद हैं. इस साल की पहली छमाही में कंपनी इसका एक बड़ा मिड-लाइफ अपडेट भी ला सकती है.