इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने एक बार फिर बड़ा दांव खेला है. ओला ने बजट सेगमेंट के कस्टमर्स को ध्यान में रखते हुए अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Ola S1Z लॉन्च कर दिया है. इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की शुरुआती कीमत ₹79,999 एक्स शोरूम रखी गई है. इस नए मॉडल के साथ कंपनी पहली बार अपनी खुद की भारत सेल LFP बैटरी तकनीक को आम कस्टमर्स के लिए मार्केट में लेकर आई है.
Ola ने S1Z को दो अलग-अलग वेरिएंट में लॉन्च किया है, जिनकी रेंज शानदार है-
3.1 kWh वेरिएंट
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत 79,999 रुपये है. यह एक बार फुल चार्ज होने पर 179 किलोमीटर (IDC) तक चल सकता है. इसकी डिलीवरी दिसंबर 2026 से शुरू होगी.
5.1 kWh वेरिएंट
इस वेरिएंट की कीमत 99,999 रुपये रखी गई है. यह वेरिएंट एक बार चार्ज होने पर 301 किलोमीटर (IDC) की लंबी दूरी तय करने का दावा करता है. इसकी डिलीवरी मार्च 2027 से शुरू की जाएगी.
बैटरी और परफॉर्मेंस की ताकत
इन सीरीज के इलेक्ट्रिक स्कूटर को लेकर कंपनी का दावा है कि इसकी असली ताकत भारत सेल तकनीक है. यह 46-सीरीज लिथियम आयरन फास्फेट बैटरी पर काम करता है. इसे ओला के बैटरी इनोवेशन सेंटर में तैयार किया गया है और इसका प्रोडक्शन कंपनी की अपनी गीगाफैक्ट्री में हो रहा है. खुद की बैटरी बनाने से स्कूटर की लागत कम हुई है और कम कीमत में बेहतर तकनीक मिल पाई है.
दोनों ही वेरिएंट में 4 kW की पीक पावर वाली मोटर दी गई है और इनकी टॉप स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा है.
3.1 kWh वाला मॉडल 4.6 सेकंड में 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है.
5.1 kWh वाला मॉडल 0 से 40 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ने में 4.9 सेकंड का समय लेता है.
घर पर 0 से 80 प्रतिशत चार्ज होने में छोटे बैटरी वेरिएंट को 5 घंटे 42 मिनट और बड़े बैटरी वेरिएंट को 6 घंटे 16 मिनट का समय लगता है.
पुराने मॉडल से कितना अलग?
ओला ने इससे पहले S1 Z+ को लॉन्च किया था, जिसकी कीमत 64,999 रुपये थी और dual-battery सेटअप के साथ 146 किलोमीटर की रेंज मिलता था. नया S1Z कीमत में थोड़ा ज्यादा जरूर है, लेकिन इसके बदले कस्टमर्स को बड़ी बैटरी क्षमता और 301 किलोमीटर तक की लंबी रेंज मिल रही है.
एडवांस फीचर्स और ‘इजी पार्क’ की सुविधा
यह नया स्कूटर MoveOS 5 पर काम करता है और इसमें तकनीक का पूरा ख्याल रखा गया है. इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में क्रूज कंट्रोल, एडवांस रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, रिवर्स मोड, जीपीएस और ओवर-द-एयर अपडेट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. ओला ऐप के जरिए राइडर्स को जियो-फेंसिंग, टाइम-फेंसिंग, मोड-फेंसिंग और राइडिंग के डेटा भी देखने को मिलेंगे.
तंग जगहों पर पार्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें इजी पार्क फीचर दिया गया है. सिर्फ एक्सीलेटर या कलाई के हल्के ट्विस्ट से स्कूटर को पार्किंग में आगे-पीछे करना बहुत आसान हो जाता है.
बाकी EV से कैसे है अलग?
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसका इन-हाउस डेवलपमेंट है. जहां ज्यादातर कंपनियां बाहर से पार्ट्स मंगवाती हैं, वहीं Ola का यह स्कूटर पूरी तरह से वर्टिकली इंटीग्रेटेड है. यानी बैटरी सेल, मोटर, सॉफ्टवेयर और पूरा व्हीकल सब कुछ ओला ने खुद तैयार किया है.
इसके साथ ही, ओल की सेल पॉलिसी में भी बड़ा बदलाव आया है. S1Z पहला ऐसा स्कूटर होगा जिसे कंपनी अपने खुद के शोरूम के अलावा डीलर ऑपरेटर स्टोर्स के जरिए भी बेचेगी. कंपनी का टारगेट दिवाली 2026 तक देश भर में अपना मजबूत डीलरशिप नेटवर्क बनाना है. ओला इस पूरे पैकेज को Zyदा नाम से पेश कर रही है, जिसमें अधिक सुरक्षा, अधिक रेंज, अधिक तकनीक और अधिक वैल्यू देने का वादा किया गया है.