Royal Enfield Himalayan 440: पहाड़ों के शौकीनों के लिए आ गई नई दमदार बाइक, देखें कीमत

अगर आपका भी सपना बाइक से पहाड़ों की सैर करने का है और नई बाइक लेने की सोच रहे हैं, तो रॉयल एनफील्ड आपके लिए एक शानदार बजट वाला ऑप्शन लाई है. कंपनी ने अपनी एडवेंचर बाइक हिमालयन का नया अवतार भारत में लॉन्च कर दिया है, जो ज्यादा पावर, दमदार फीचर्स और आपकी जेब के बजट को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. लद्दाख की हसीन वादियों में लॉन्च हुई इस दमदार बाइक की क्या है कीमत, कैसे हैं फीचर्स और यह आपके सफर को कैसे आसान बनाएगी, आइए जानते हैं…

रॉयल एनफील्ड ने भारतीय ऑटो मार्केट में अपनी नई एडवेंचर बाइक हिमालयन 440 को 2.29 लाख रुपये एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च कर दिया है. लद्दाख में आयोजित पहले हिमालयन बेसकैंप के दौरान इस बाइक से पर्दा उठाया गया. यह नया मॉडल हिमालयन ब्रांड के 10 साल पूरे होने के मौके पर लॉन्च किया गया है. कंपनी के शोरूम और ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए बाइक की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है.

नई हिमालयन 440 को मौजूदा हिमालयन 450 के ऑप्शन के रूप में लॉन्च किया गया है. इसमें पुरानी हिमालयन 411 का ही रफ-एंड-टफ लुक और राइडिंग पोजीशन बरकरार रखा गया है, लेकिन मैकेनिकल स्तर पर कई बड़े बदलाव किए गए हैं.

दमदार इंजन और 6-स्पीड गियरबॉक्स

बाइक में सबसे बड़ा बदलाव इंजन के साथ हुआ है. नई हिमालयन 440 में 443cc, सिंगल-सिलेंडर, लॉन्ग-स्ट्रोक इंजन दिया गया है, जो 6,250rpm पर 25.4bhp की पावर और 4,000rpm पर 34Nm का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी के मुताबिक इसका नया इंजन पहले से काफी कम वाइब्रेशन और बेहतर परफॉरमेंस देता है. इसे नए 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है, जिससे कम स्पीड में बाइक चलाना आसान होगा और हाईवे पर लंबे सफर के दौरान शानदार एक्सपीरियंस मिलेगा.

डिजाइन और एडवांस फीचर्स

दिखने में यह बाइक पुरानी हिमालयन जैसी ही मस्कुलर और प्रैक्टिकल लगती है. इसमें 800mm की सीट हाइट और 15-लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है. फीचर्स की बात की जाए, तो इसमें नई LED हेडलाइट, डिजिटल-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ट्रिपर नेविगेशन और USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.

सस्पेंशन और सेफ्टी

खराब रास्तों और ऑफ-रोडिंग के लिए इसमें आगे 41mm के टेलीस्कोपिक फोर्क्स 200mm ट्रैवल और पीछे लिंकेज-टाइप मोनोशॉक 180mm ट्रैवल दिए गए हैं. इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 220mm है. बाइक के फ्रंट में 21-इंच और रियर में 17-इंच के स्पोक व्हील्स मिलते हैं. ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 300mm और रियर में 240mm का डिस्क ब्रेक दिया गया है. इसमें स्विचएबल डुअल-चैनल ABS दिया गया है, जिसे ऑफ-रोडिंग के दौरान जरूरत के हिसाब से बंद भी किया जा सकता है.

कलर ऑप्शन और वारंटी

रॉयल एनफील्ड हिमालयन 440 को तीन शानदार कलर्स- सेला ब्लैक, मस्टैंग ब्राउन और नेलोंग वाइट में लॉन्च किया गया है. शुरुआत में डिलीवरी होने वाली बाइक्स के फ्यूल टैंक पर 10वीं सालगिरह का स्पेशल बैच भी लगा होगा. कंपनी इस बाइक पर 3 साल या 30,000 किमी की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जिसे 7 साल के एक्सटेंडेड वारंटी पैकेज और रोडसाइड असिस्टेंस के साथ आगे भी बढ़ाया जा सकता है.

About the Author
For Feedback - technicalymind.com

Leave a Comment